मधेपुरा /बालमुकुन्द यादव
पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने देवघर (झारखंड) से बाबा सिंहेश्वर धाम (मधेपुरा) तक नई रेल लाइन परियोजना की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वे केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय पर दबाव बनाएंगे ताकि जल्द से जल्द सर्वे कार्य पूरा कर इस योजना को धरातल पर उतारा जा सके।सांसद पप्पू यादव ने यह घोषणा चौसा प्रखंड के रसलपुर धुरिया पंचायत स्थित धुरिया गाँव में एक सार्वजनिक मंच से की। वे अपने करीबी राजनीतिक सहयोगी और पूर्व सरपंच प्रो. चंद्र भानु यादव उर्फ लड्डू यादव के पुत्र डॉ. विक्रांत कुमार के विवाह उपरांत आयोजित रिसेप्शन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों और समर्थकों, जिनमें नवल किशोर जायसवाल और लड्डू यादव सहित सैकड़ों लोग शामिल थे
ने क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने चौसा, पुरैनी, कलासन और बिहारीगंज को जोड़ते हुए एक नई रेल लाइन की आवश्यकता पर जोर दिया।जनता को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि देवघर से बाबा सिंहेश्वर धाम तक की नई रेल लाइन के लिए रेल मंत्रालय से सर्वे कार्य कराने की पुरजोर वकालत की जाएगी। इस रेल योजना के तहत चौसा, पुरैनी, कलासन और बिहारीगंज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ने का लक्ष्य है।उन्होंने बताया कि नई रेल लाइन बनने से इलाके का व्यापारिक और धार्मिक पर्यटन (बैद्यनाथ धाम से सिंहेश्वर धाम तक) तेजी से बढ़ेगा, जिससे क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा।सांसद पप्पू यादव ने कहा, "जनता की मांग जायज है। चौसा-पुरैनी होते हुए बिहारीगंज तक नई रेल योजना केंद्र सरकार से मंजूर कराना मेरी प्राथमिकता है। मैं जल्द ही इस मुद्दे को संसद और रेल मंत्री के समक्ष मजबूती से रखूंगा।"


Post a Comment