रामनवमी के पावन अवसर पर शनिवार को कुरसेला में भव्य शोभायात्रा एवं कलश विसर्जन यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा नगर पंचायत जय श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा और माहौल भक्तिमय बन गया।शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। विशेष रूप से फूलों से सजी श्रीराम दरबार की झांकी को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह घरों की छतों से श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।भक्ति गीतों की धुन पर युवा नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे वातावरण और भी उत्साहपूर्ण हो गया। संकट मोचन हनुमान मंदिर एवं सार्वजनिक दुर्गा मंदिर से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा लगभग 5 किलोमीटर तक नगर पंचायत क्षेत्र का भ्रमण करते हुए गंगा-कोसी संगम पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश विसर्जन किया गया। इसके बाद यात्रा शहीद चौक पहुंचकर संपन्न हुई, जहां श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।इस धार्मिक आयोजन में हजारों हजार संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिनमें महिलाओं और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। लगभग तीन घंटे तक पूरा कुरसेला भक्ति में डूबा रहा। नगर पंचायत के विभिन्न हिस्सों को भगवा पताकाओं और श्रीराम के चित्रों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भगवामय नजर आया।
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था:-
रामनवमी जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। डीएसपी रंजन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राकेश कुमार, बीडीओ कुमारी प्रियंमवदा एवं सीओ अनुपम कुमारी, खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी किंचित कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग में पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।महिलाओं की रही उल्लेखनीय भागीदारी शोभायात्रा में महिलाओं और युवतियों की सहभागिता विशेष आकर्षण रही। केसरिया वेशभूषा में सजी युवा व महिलाएं हाथों में पताका लिए जय श्रीराम के नारे लगाती हुई चल रही थीं। बुजुर्ग महिलाओं से लेकर युवतियों तक ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
सामाजिक सौहार्द की दिखी मिसाल:-
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सभी समुदायों के लोगों ने श्रद्धालुओं को शरबत, ग्लूकोज एवं लस्सी वितरित कर स्वागत किया। इस दौरान सामाजिक एकता और सौहार्द की सुंदर मिसाल देखने को मिली।
Post a Comment