Top News

मुरलीगंज–मीरगंज एनएच-107 पर बना अस्थायी ढलान बना हादसों का कारण

मीरगंज बायपास ढलान पर ट्रक फंसा, 24 घंटे से आवागमन प्रभावित

मुरलीगंज/मिथिलेश कुमार 

मधेपुरा :मुरलीगंज एनएच-107 बायपास के पास बने ढलान पर बुधवार को एक 12 चक्का भारी ट्रक फंस जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद ट्रक को हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।पेट्रोल पंप के समीप बने इस अस्थायी ढलान की हालत पहले से ही जर्जर बनी हुई है। मिट्टी से बनाए गए इस ढलान पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण गहरे गड्ढे बन चुके हैं। बुधवार को इसी ढलान पर भारी ट्रक फंस गया, जिससे बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। हालांकि लंबा जाम नहीं लगा, लेकिन ट्रक, बस व अन्य भारी वाहन रास्ता बदलने को मजबूर हो गए


छोटे वाहन जैसे ई-रिक्शा, ऑटो और बाइक सवार किसी तरह जोखिम उठाकर गुजर रहे हैं। ढलान के दोनों ओर गहरी खाई और उसमें भरा बारिश का पानी हादसे की आशंका को और बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां लगभग रोज वाहन फिसलते या पलटते हैं, जिससे कई लोग घायल भी हो चुके हैं।ग्रामीणों व व्यवसायियों का आरोप है कि बायपास चालू करने की जल्दबाजी में पुराने एनएच मार्ग से जोड़ने के लिए केवल मिट्टी डालकर ढलान बना दिया गया, लेकिन बाद में इसकी पक्की मरम्मत नहीं कराई गई

भारी ट्रक के फंसने की घटना ने इस ढलान की खतरनाक स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया है।लोगों ने मांग की है कि एनएच-107 पर बने इस ढलान की शीघ्र पक्की मरम्मत कराई जाए, समुचित ढलान निर्माण हो, दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए तथा चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले स्थिति पर नियंत्रण किया जा सके।इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से संपर्क का लगातार प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो सका। वहीं ट्रक चालक या मालिक भी मौके पर नहीं पहुंचे। ढलान पर ट्रक फंसे रहने से मुरलीगंज–मीरगंज मार्ग पर आवागमन अब भी प्रभावित है।

Post a Comment

Previous Post Next Post