Top News

FIR दर्ज, खाद की कालाबाजारी का आरोप… फिर भी दुकानदार गिरफ्तार नहीं, कैमूल हक पर कार्रवाई का इंतजार!

 

पूर्णियां पूर्व/सिटी हलचल न्यूज़ 

पूर्णिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बियारपुर पंचायत स्थित उचितपुर चौक पर खाद की कथित कालाबाजारी के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद मुख्तार खाद बीज भंडार के मालिक कैमूल हक की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह है कि कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में खाद पकड़ी थी और मौके पर खाद के अवैध भंडारण व परिवहन से जुड़े तथ्य सामने आए थे।कृषि समन्वयक उधव कुमार के आवेदन पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 229/26 दर्ज किया गया है। आवेदन के अनुसार 25 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर कृषि विभाग और पुलिस की टीम उचितपुर चौक पहुंची थी। टीम में कृषि विभाग की एसओ बेबी कुमारी, मुफस्सिल थाना के एसआई रवींद्र तिवारी, कृषि समन्वयक उधव कुमार और जिला कोऑर्डिनेटर धनंजय कुमार शामिल थे


पुलिस-कृषि विभाग ने मौके पर पकड़ी थी खाद

कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल नंबर WB59A5682 के ट्रक से खाद को ट्रैक्टरों पर उतारे जाने की बात आवेदन में दर्ज है। टीम ने मौके पर कार्रवाई की और खाद को जब्त कर थाना परिसर लाने की प्रक्रिया की गई।छापेमारी के दौरान दुकान और गोदाम में भी बड़ी मात्रा में खाद मिलने की बात कृषि विभाग के आवेदन में कही गई है। विभाग के अनुसार स्टॉक से संबंधित दस्तावेज और ट्रक में लदी खाद से जुड़े जरूरी कागजात भी उपलब्ध नहीं कराए गए थे।इसके बाद कृषि विभाग की ओर से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

FIR के बाद भी कैमूल हक की गिरफ्तारी क्यों नहीं?

अब पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल मुख्तार खाद बीज भंडार के मालिक कैमूल हक की गिरफ्तारी को लेकर है।जब कृषि विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की, खाद जब्त हुई और मामले में प्राथमिकी भी दर्ज हो चुकी है, तो फिर नामजद/संबंधित दुकानदार के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई अब तक क्यों नहीं हुई?क्या पुलिस ने कैमूल हक से पूछताछ की है? क्या उसकी भूमिका की जांच चल रही है? यदि गिरफ्तारी नहीं की गई है तो इसके पीछे क्या कारण है? इन सवालों का जवाब पुलिस की कार्रवाई से ही सामने आएगा


कार्रवाई के बावजूद गिरफ्तारी पर सवाल

मामले में खाद की कथित कालाबाजारी और अवैध भंडारण से जुड़े आरोपों की जांच पुलिस कर रही है। लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी दुकानदार की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है।खासकर तब, जब कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में खाद बरामद होने और दुकान से जुड़े गोदाम में खाद के भंडारण की बात विभागीय आवेदन में दर्ज है।अब देखना यह है कि पुलिस जांच के बाद मुख्तार खाद बीज भंडार के मालिक कैमूल हक के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई करती है या नहीं।मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष और गिरफ्तारी नहीं किए जाने का कारण सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post