किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत कुर्लीकोर्ट थाना के समीप रविवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कार संख्या WB92C1497 एनएच-327 ई से गुजर रही थी। इसी दौरान थाना के ठीक समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गया।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला और ठाकुरगंज स्थित नियाज हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही कुर्लीकोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायल बाघमारा, ठाकुरगंज के निवासी हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
Post a Comment