Top News

कोढ़ा में पोषण मेला आयोजित, मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक


 बिहार में 9वें पोषण माह 2026 के तहत पोषण को लेकर जनजागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कोढ़ा बाल विकास परियोजना परिसर में भव्य पोषण मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी पूर्णिमा, सीडीपीओ ऊषा किरण, मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि रमण झा, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, डोमन चौधरी एवं भोला झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मेले में बाल विकास परियोजना की ओर से विभिन्न स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण, एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार, स्वास्थ्य तथा बच्चों की नियमित वृद्धि निगरानी के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के बीच बेबी किट, स्कूल बैग, कॉमिक बुक और आभार पत्र का भी वितरण किया गया।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी पूर्णिमा ने कहा कि पोषण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में काम करना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली सेविकाओं को प्रोत्साहित और सम्मानित करने पर जोर दिया। उन्होंने कोढ़ा में आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बेहतर बताया।

सीडीपीओ ऊषा किरण ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। पोषण माह के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों के स्तर पर परिवारों को संतुलित आहार, एनीमिया से बचाव, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों की नियमित वृद्धि निगरानी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोषण संबंधी संदेश को हर परिवार तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला पर्यवेक्षिका राजश्री चौधरी सहित अन्य महिला पर्यवेक्षिकाओं और सभी आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, आंगनबाड़ी कर्मी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post