कोढ़ा के कोलासी में बीजेपी का झंडा और पुलिस का लोगो लगी आई-20 कार से 1800 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद होने से हड़कंप मच गया। नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया। वाहन रोकने के दौरान कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी सरवन कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, कोलासी पुलिस को सूचना मिली थी कि दो वाहनों में अवैध नशीला पदार्थ लेकर तस्कर कोलासी के रास्ते आगे जा रहे हैं। डीआइओ की टीम भी वाहनों का पीछा कर रही थी। सूचना के बाद कोलासी चौक पर बैरिकेडिंग कर वाहन जांच शुरू की गई थी।
कार से बरामद 1800 बोतल कफ सिरप को जब्त कर लिया गया है। मामले में सिमरा बागान, कटिहार निवासी अमित कुमार साह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई अंचल अधिकारी सह मजिस्ट्रेट संजीव कुमार और ड्रग इंस्पेक्टर तनवीर आलम की निगरानी में हुई। मामले की जानकारी मिलने पर सदर-2 डीएसपी सुनील कुमार शर्मा भी कोलासी पुलिस शिविर पहुंचे और जांच के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Post a Comment