पुलिस ने युवक को उठाकर पटका, गर्दन दबोची; भाजपा नेता बरसाता रहा लाठी, फिर बेहोश हुआ आरोपी
समस्तीपुर/सिटी हलचल न्यूज़
बिहार के समस्तीपुर में सड़क पर पुलिस और एक युवक के बीच हुई मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में पहले पुलिस पदाधिकारी युवक को पकड़कर सड़क पर पटकते और उसकी गर्दन दबोचते नजर आ रहे हैं। युवक भी पुलिसकर्मी को पकड़ लेता है और दोनों के बीच सड़क के कीचड़ में काफी देर तक उठापटक होती रहती है। इसी दौरान मौके पर पहुंचे पूर्व मुखिया और भाजपा नेता जितेंद्र कुमार सिन्हा महिला पुलिसकर्मी के हाथ से लाठी लेते हैं और युवक पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाना शुरू कर देते हैं। पिटाई के बाद युवक के बेहोश होने और पैर टूटने की बात सामने आई है।मामला समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के बाजार में हाईस्कूल के समीप एनएच-122बी किनारे पुराने टाटा स्टैंड के पास का बताया जा रहा है। घटना बुधवार दोपहर की है।बताया गया कि मोहिउद्दीननगर बाजार निवासी गोलू कुमार के खिलाफ एक महिला ने कथित छेड़खानी की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम में पुलिस पदाधिकारी राजू यादव के अलावा दो महिला पुलिसकर्मी मौजूद थीं। मौके पर पहुँच टीम ने युवक को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास कर रही थी। युवक ने खुद पर लगे आरोप को गलत बताया और पुलिस के साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने विरोध शुरू कर दिया।देखते ही देखते युवक और पुलिस पदाधिकारी के बीच हाथापाई शुरू हो गई। दोनों सड़क पर गिर पड़े। कीचड़ में कभी पुलिसकर्मी युवक को दबोचता तो कभी युवक पुलिसकर्मी को पकड़ लेता। काफी देर तक दोनों के बीच उठापटक चलती रही।
पुलिस ने युवक को उठाकर पटका, गर्दन दबोची
वायरल वीडियो में पुलिस पदाधिकारी युवक को पकड़कर उठाते और सड़क पर पटकते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वह युवक की गर्दन दबोचते नजर आते हैं।युवक भी पुलिसकर्मी को जोर से पकड़ लेता है। पुलिस पदाधिकारी उसे छुड़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन युवक पकड़ छोड़ने को तैयार नहीं होता। इस दौरान छुड़ाने आये लोगो को खुद एक पुलिसकर्मी भगाता नजर आता हैं और झगड़ा छुड़ाने के बजाय मारपीट करने के लिए छोड़ देता है।
तभी हुई भाजपा नेता की एंट्री
इसी बीच मौके पर मौजूद पूर्व मुखिया और भाजपा नेता जितेंद्र कुमार सिन्हा वहां पहुंचते हैं। वीडियो में वह एक महिला पुलिसकर्मी के हाथ से लाठी लेते दिखाई देते हैं। इसके बाद भाजपा नेता युवक की पिटाई शुरू कर देते हैं। वीडियो में युवक को लाठी से पीटते हुए देखा जा सकता है, जबकि पुलिस पदाधिकारी उसे पकड़े हुए नजर आते हैं। युवक को तबतक पीटा जाता है, जबतक वह बेहोश नहीं हो जाता है। इस मारपीट में उसके पैर टूटने की बात भी सामने आई है।
आखिर युवक पर क्या था आरोप?
पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई की शुरुआत एक महिला की शिकायत से हुई थी। आरोप था कि युवक ने मोहिउद्दीननगर बाजार में रास्ते से जा रही महिला के साथ अभद्र व्यवहार की थी।इसी शिकायत के बाद डायल-112 की टीम उसे पकड़ने पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि युवक ने आरोप का विरोध किया और पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक, हाथापाई के दौरान युवक ने पुलिस पदाधिकारी की वर्दी भी फाड़ दी। हालांकि, घटना के दौरान युवक की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई और मौके पर मौजूद भाजपा नेता की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
युवक और पुलिस पदाधिकारी दोनों घायल
घटना के बाद पुलिस टीम युवक को इलाज के लिए मोहिउद्दीननगर पीएचसी ले गई, जहाँ उसका ईलाज चल रहा है। युवक के बारे में मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी कही जा रही है। मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत पर डायल-112 की टीम को भेजा गया था। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान युवक ने दारोगा के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई की और सरकारी काम में बाधा डाली।थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक को गिरफ्तार किया गया है और पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।वहीं, युवक की पिटाई का वीडियो भी पुलिस को मिला है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद अब यह मामला सिर्फ छेड़खानी के आरोप और पुलिस से हाथापाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि युवक की सड़क पर हुई पिटाई भी जांच का अहम हिस्सा बन गई है।

Post a Comment