राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत कुरसेला नगर पंचायत क्षेत्र के एक आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को पोषण मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। उद्घाटन अंचल पदाधिकारी अनुपम कुमारी और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी विभा कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
मेले में आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, जीविका दीदियों और स्थानीय महिलाओं ने क्षेत्र में उपलब्ध पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों के उपयोग की जानकारी दी। विभिन्न स्टॉलों पर पोषण, स्वास्थ्य, कृषि और जीविका से जुड़ी जानकारी दी गई। मिट्टी के घड़े से तैयार ‘पोषण मटका क्विज’ लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। महिलाओं ने खेल-खेल में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
‘कुपोषण मुक्ति हेतु स्वस्थ पेड़ का निर्माण’ गतिविधि के माध्यम से लोगों को पोषण का संकल्प दिलाया गया। पदाधिकारियों, कर्मियों और आमजनों ने पेड़ पर अंगूठे का निशान लगाकर उसके पत्तों को हरा-भरा किया। स्थानीय मोटे अनाज और हरी सब्जियों से तैयार ‘पोषण तिरंगा थाली’ की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विभिन्न पंचायतों की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने स्थानीय खाद्य पदार्थों से व्यंजन तैयार कर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में पारंपरिक गीतों के बीच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। रंगोली और चित्रांकन के जरिए भी पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेश दिए गए।
समापन पर सीओ अनुपम कुमारी और सीडीपीओ विभा कुमारी ने अधिकारियों, कर्मियों, सेविकाओं, सहायिकाओं, जीविका दीदियों और ग्रामीण महिलाओं को कुरसेला को कुपोषण मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। मौके पर प्रखंड समन्वयक अमित कुमार सिंह, सांख्यिकी सहायक मिलन कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर मुबारक कुरैशी, महिला पर्यवेक्षिका रिंकी कुमारी, मोनालिशा बंदोपाध्याय सहित सैकड़ों सेविका, सहायिका और जीविका दीदियां मौजूद रहीं।
Post a Comment