आगामी दुर्गापूजा को लेकर के.हाट थाना परिसर में थाना प्रभारी रंजन ठाकुर के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पूजा पंडालों में पुलिस बल की तैनाती को लेकर चर्चा हुई। क्षेत्र में होने वाले डांडिया आयोजनों को लेकर भी प्रशासन की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था और श्रद्धा का पर्व है। सभी पूजा समितियां प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजन करें। पूजा पंडालों में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि पंडालों के आसपास मांस-मछली की दुकानें एवं संबंधित गतिविधियां प्रशासन के निर्देशानुसार बंद रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई।
थाना प्रभारी रंजन ठाकुर ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। पूजा समितियों को निर्धारित नियमों और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने में संगठन के सदस्य भी सहयोग करेंगे।
बैठक में सदर सीओ अंशु कुमार, आरती कुमारी, इंस्पेक्टर सहित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन की ओर से राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, सुशील कुमार, विक्की गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा पूर्णिया कोर्ट स्टेशन दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष केशव गिरी, वार्ड 19 के पार्षद कुणाल किशोर सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Post a Comment