Top News

त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, माफियाओं पर नकेल कसने का एसपी ने दिया निर्देश


गामी दुर्गापूजा, दीपावली, कालीपूजा एवं छठ महापर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को टाउन थाना परिसर स्थित पुलिस सभागार में एसपी संतोष कुमार ने जिले के पुलिस पदाधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक देर शाम तक चली।

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर अभी से सतर्कता बरतने और स्मार्ट पुलिसिंग के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने शराब, लॉटरी, इंट्री, बालू सहित सभी प्रकार के माफिया गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर पूर्ण नकेल कसने को कहा। संगठित अपराधियों को चिह्नित कर उनके अवैध स्रोतों से अर्जित संपत्ति के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

एसपी ने कांडों के अनुसंधान में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कहा कि गलत जांच रिपोर्ट के कारण अभियोजन कमजोर करने वाले पदाधिकारियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध साक्ष्य सहित रिपोर्ट करें। भ्रष्टाचार में संलिप्त पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई तथा निष्पक्ष, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को शांति समिति का पुनर्गठन करने को कहा। इसमें गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों के साथ युवाओं, स्कूल-कॉलेज से पास आउट छात्रों, व्यवसायियों और पुलिस के सहयोगी नागरिकों को शामिल करने का निर्देश दिया गया। पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी, निरोधात्मक कार्रवाई तथा संगठित अपराध, भूमि विवाद और साम्प्रदायिक मामलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

बैठक में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कांडों की बारी-बारी से समीक्षा की गई और लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। बेहतर अनुसंधान एवं कांडों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए थानाध्यक्षों और अनुसंधानकर्ताओं को पुरस्कृत किया गया। अपराधियों को सजा दिलाने में बेहतर कार्य के लिए जिला अभियोजन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार और विशेष लोक अभियोजक मनीष कुमार साह को भी सम्मानित किया गया।

बैठक में एसडीपीओ, पुलिस उपाधीक्षक, सर्किल इंस्पेक्टर समेत जिले के सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post