ठाकुरगंज। अंचल क्षेत्र में कथित फर्जी बासगीत पर्चा एवं 48-डी से जुड़े मामले को लेकर प्रशासनिक जांच शुरू हो गई है। प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन द्वारा मामले को लेकर प्रेस कांफ्रेंस किए जाने और जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की है।
इसी क्रम में सोमवार को किशनगंज के भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) ठाकुरगंज अंचल पहुंचे। उन्होंने मामले से संबंधित राजस्व अभिलेख, दस्तावेजों एवं अन्य रिकॉर्ड की गहनता से जांच की। इस दौरान अंचलाधिकारी, संबंधित कर्मचारी, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन सहित मामले से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे। जांच टीम ने उपलब्ध अभिलेखों और दस्तावेजों का मिलान करते हुए मामले से जुड़े विभिन्न तथ्यों की पड़ताल की।
प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन ने बताया कि उन्होंने कथित अनियमितता का मामला प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से प्रशासन के संज्ञान में लाया था। इसके बाद जिला पदाधिकारी नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि जांच शुरू होने से उम्मीद है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होगी और वास्तविक तथ्यों का खुलासा सामने आएगा।
उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल प्रशासनिक जांच के बाद आने वाली रिपोर्ट पर लोगों की नजरें टिकी हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामले में किन दस्तावेजों और तथ्यों की पुष्टि होती है तथा प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
Post a Comment