Top News

दुर्गा पूजा को लेकर टेढ़ागाछ थाना में शांति समिति की बैठक, पंडालों में लगेगा सीसीटीवी

आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को टेढ़ागाछ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता बीडीओ अजय कुमार, सीओ शशि कुमार एवं थानाध्यक्ष दिलशाद खां ने की। इसमें जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लिया।

बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व है। सभी पूजा समितियां और क्षेत्रवासी पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

सीओ शशि कुमार ने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की बात कही।

थानाध्यक्ष दिलशाद खां ने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने, उपद्रव या हुड़दंग करने वालों के साथ किसी भी परिस्थिति में नरमी नहीं बरती जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पूजा स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस विशेष निगरानी रखेगी।

बैठक में पूजा समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान पर्व के दौरान शांति व्यवस्था, आपसी समन्वय और सतर्कता को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post