Top News

बी-नेगेटिव रक्त के लिए तीन दिन से परेशान था परिवार, नगर अध्यक्ष ने किया रक्तदान


सरसी निवासी आनंदी गिरी की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनके शरीर में पर्याप्त मात्रा में रक्त का निर्माण नहीं हो रहा है, जिसके कारण उन्हें बार-बार रक्त की आवश्यकता पड़ रही है। बी-नेगेटिव रक्त समूह होने के कारण परिजनों को रक्तदाता खोजने में काफी परेशानी हो रही थी।

करीब 10 दिन पहले भी तबीयत बिगड़ने पर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य सुशील कुमार ने बी-नेगेटिव रक्त का एक यूनिट रक्तदान किया था। रक्त मिलने के बाद आनंदी गिरी की स्थिति में सुधार हुआ था और परिजन उन्हें घर ले गए थे। दोबारा तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

पिछले तीन दिनों से परिजन बी-नेगेटिव रक्त की व्यवस्था के लिए परेशान थे। चिकित्सकों ने भी तत्काल रक्त उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। परिजनों ने विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी से रक्त की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई। इसके बाद उन्होंने रक्तदाता की तलाश शुरू कराई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत ने रेड क्रॉस पहुंचकर बी-नेगेटिव रक्त का एक यूनिट रक्तदान किया। इससे मरीज के इलाज में आवश्यक रक्त की व्यवस्था हो सकी।

इस मौके पर आशीष गोस्वामी ने कहा कि संगठन जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले अमरेंद्र भगत के प्रति आभार जताया। राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह ने कहा कि आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में संगठन मानव सेवा सहित सामाजिक कार्यों में सक्रिय है।

मौके पर राकेश सिंह, विक्की गोस्वामी, अजय कुमार, राजा कुमार, नीरज कुमार, विनय कुमार सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post