Top News

नाला निर्माण की धीमी रफ्तार से बारसोई की मुख्य सड़क पर लग रहा जाम


बारसोई प्रखंड मुख्यालय बारसोई की मुख्य सड़क पर इन दिनों लगातार लग रहे जाम से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नीमटोला से ब्लॉक तक चल रहे नाला निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा है। इससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

जाम के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचने, छात्र-छात्राओं को स्कूल, कॉलेज और कोचिंग जाने में परेशानी हो रही है। वहीं, अनुमंडल कार्यालय, कोर्ट, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त सड़क पर वाहनों के फंसने से लोगों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने प्रशासन से नाला निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जाम की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post