Top News

सेवा सेतु शिविर में लोगों की उमड़ी भीड़, अधिकारियों ने मौके पर किया समस्याओं का निष्पादन

पूर्णिया। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को पूर्णिया पूर्व प्रखंड सभागार में ‘सेवा सेतु शिविर-सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से संबंधित आवेदन दिए।

सदर विधायक विजय खेमका ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर ऑन द स्पॉट कार्रवाई की। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी कुणाल किशोर, अंचलाधिकारी अंशु कुमार, राजस्व अधिकारी चंदन कुमार, मनरेगा पदाधिकारी रमणी सूरज और प्रखंड उप प्रमुख ललन सिन्हा सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

जिला प्रशासन के अनुसार जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पहले सोमवार को महानंदा सभागार में हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक में डीएम ने अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

शिविरों में केंद्र सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं के साथ राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ आम लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए संबंधित विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं, ताकि लोगों को सरकारी काम के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

डीएम ने निर्देश दिया है कि शिविर में आने वाले हर आवेदक की शिकायत और आवेदन को पंजीकृत कर तत्काल प्राप्ति-पावती (रसीद) दी जाए। शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का 26 अक्टूबर 2026 तक गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन करना अनिवार्य किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post