Top News

बंगाल से पूर्णिया पहुंची 516 लीटर शराब की खेप, पिकअप से बरामद; दो गिरफ्तार, चेकपोस्ट और कई थानों को पार कर कैसे पहुंची?


पूर्णिया: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्णिया में पुलिस ने शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। मरंगा थाना क्षेत्र के मिल्की मुशहरी से एक पिकअप वाहन से 516.42 लीटर शराब बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, शराब की यह खेप पश्चिम बंगाल के करणदिघी से पूर्णिया लाई गई थी।

इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी मो. तस्लीम और के.नगर थाना क्षेत्र निवासी राहुल यादव के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

बंगाल से पूर्णिया तक कैसे पहुंची शराब की खेप?

इस बरामदगी के बाद सबसे बड़ा सवाल शराब की खेप के बंगाल से पूर्णिया तक पहुंचने के रास्ते और पुलिस निगरानी व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। पश्चिम बंगाल से बिहार की सीमा में प्रवेश करने के बाद पूर्णिया पहुंचने के दौरान कई पुलिस थाना क्षेत्रों से गुजरना पड़ता है। सीमा पर चेकपोस्ट भी स्थापित हैं।

ऐसे में सवाल है कि 516.42 लीटर शराब से लदी पिकअप आखिर कैसे चेकपोस्ट और रास्ते में पड़ने वाले कई थाना क्षेत्रों को पार करते हुए पूर्णिया के मिल्की मुशहरी तक पहुंच गई? क्या तस्करों ने निगरानी से बचने के लिए कोई दूसरा रास्ता अपनाया या फिर रास्ते में कहीं चेकिंग नहीं हुई—इसकी जांच पुलिस के लिए अहम होगी।

बड़े रैकेट तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके इशारे पर लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की जांच में शराब तस्करी के पूरे रैकेट का खुलासा होने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस ने शराब और पिकअप को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post