Top News

जन सहयोग शिविर में डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, 74 मामलों का मौके पर निष्पादन

कटिहार। कोढ़ा प्रखंड की रौतारा और फुलवरिया पंचायत में मंगलवार को आयोजित जन सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने लंबित मामलों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया।

रौतारा पंचायत में शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 99 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 74 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि 25 आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। वहीं फुलवरिया पंचायत में कुल 116 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में 102 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर में रौतारा मुखिया मर्जीया खातून, फुलवरिया मुखिया कुमारी रूबी, मुखिया प्रतिनिधि अमित महाराणा, महिला पर्यवेक्षिका राजश्री चौधरी, सेविका इंदु कुमारी, डॉ. रुपम कुमारी, पीआरएस सुल्तान अंसारी, बीडीओ राजकुमार पंडित, अंचल अधिकारी संजीव, राजस्व कर्मचारी सुमन कुमार, सुशांत कुमार, पंचायत सचिव धनंजय कुमार, सीतेश कुमार, मुकेश कुमार मिश्रा, किरण शंकर सिंह, जितेंद्र कुमार, स्वच्छता उमेश कुमार झा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post