उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार को रामपुर चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए 79.140 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णिया जिले के भवानीपुर निवासी संतोष कुमार चौहान के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध उत्पाद थाने में मामला दर्ज कर रविवार को जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर चेकपोस्ट पर तैनात उत्पाद विभाग की टीम दालकोला की ओर से आ रही एक बिना नंबर की ऑटो को जांच के लिए रोका। इस दौरान चालक भागने का प्रयास करने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
ऑटो की तलाशी लेने पर सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 79.140 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बंगाल से शराब खरीदकर बेचने के उद्देश्य से किशनगंज के रास्ते पूर्णिया ले जा रहा था। बिहार सीमा में प्रवेश करते ही उत्पाद विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने ऑटो और शराब जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post a Comment