Top News

भंगहा में शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल, SH-77 दो घंटे जाम


फलका प्रखंड क्षेत्र के भंगहा गांव में कथित अवैध शराब बिक्री के विरोध में गुरुवार को सैकड़ों महिलाओं ने स्टेट हाईवे-77 (SH-77) जाम कर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में खुलेआम शराब की बिक्री होने से युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। शराब के कारण कई परिवारों में कलह और अशांति की स्थिति बनी हुई है। महिलाओं ने कहा कि पूर्व में भी प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

जाम की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं से बातचीत की। अधिकारियों ने कथित अवैध शराब कारोबार की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हुआ।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि शराब बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो आगे इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी नशे के बढ़ते प्रभाव पर रोक लगाने के लिए प्रशासन से नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post