जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के शुक्रवार को कोढ़ा पहुंचने पर नगर पंचायत कोढ़ा के गेराबाड़ी बाजार चौक पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। प्रशांत किशोर के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। समर्थकों ने नारेबाजी कर उनका स्वागत किया।
कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र से जनसुराज पार्टी के पूर्व विधायक प्रत्याशी निर्मल कुमार पासवान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशांत किशोर को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान जनसुराज नेता सतनारायण शर्मा, वार्ड पार्षद विमल पासवान, सिक्कू शर्मा, राजीव कुमार, पंचायत समिति सदस्य नईम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी की आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा की। गेराबाड़ी बाजार चौक पर कुछ देर तक समर्थकों की भीड़ जुटी रही।
इस अवसर पर निर्मल कुमार पासवान ने कहा कि कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता अब बदलाव चाहती है। जनसुराज पार्टी आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करने और पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की।
प्रशांत किशोर के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा। समर्थकों ने कहा कि कोढ़ा क्षेत्र में जनसुराज के अभियान को और मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
Post a Comment