Top News

मधेपुरा में कुख्यात विक्की मेहता की दौड़ा-दौड़ाकर हत्या, 7 से 10 गोलियों से छलनी हुआ शरीर; पंचायत का काम देखने निकला था

जब तक नहीं मरा, तब तक बरसाते रहे गोलियां… मुखिया के देवर की दौड़ा-दौड़ाकर हत्या

मधेपुरा/सिटी हलचल न्यूज़ 

बिहार के मधेपुरा में सोमवार की शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। पुरैनी थाना क्षेत्र की नरदह पंचायत में बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने कुख्यात अपराधी विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता (35) को दौड़ा-दौड़ाकर गोलियों से छलनी कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले उसकी बाइक में टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिराया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए विक्की मौके से पैदल भागने लगा, लेकिन अपराधियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। नया टोला चौक से करीब 100 मीटर आगे फिर उसे घेर लिया गया और दोनों बाइक पर सवार बदमाशों ने मिलकर कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से विक्की गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा


पंचायत का काम देखने गया था विक्की

जानकारी के अनुसार, योगीराज निवासी चंदेश्वरी मेहता का बेटा विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता सोमवार शाम करीब 6 बजे नया टोला मध्य विद्यालय के मैदान में चल रहे बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य को देखने पहुंचा था। पंचायत सरकार भवन परिसर में मनरेगा का काम भी चल रहा था। काम खत्म होने के बाद वह अपनी बुलेट बाइक से घर लौट रहा था।इसी दौरान नया टोला चौक के पास दो बाइक पर सवार अपराधियों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद विक्की सड़क पर गिर गया। इसके बाद अपराधियों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जान बचाने के लिए भागा, लेकिन पीछा कर फिर घेरा

गोलीबारी के बीच विक्की अपनी जान बचाने के लिए पैदल ही घर की तरफ भागने लगा। लेकिन बदमाशों ने उसका पीछा किया। चौक से करीब 100 मीटर आगे एक बाइक पर सवार दो अन्य अपराधियों ने उसे फिर घेर लिया।इसके बाद दोनों बाइक पर सवार अपराधियों ने मिलकर विक्की पर कई राउंड गोलियां बरसा दीं। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगीं। पुलिस और परिजनों के मुताबिक शरीर पर करीब 5 से 7 गोली लगने के जख्म बताए गए हैं, जबकि स्थानीय स्तर पर करीब 10 गोलियां लगने की बात भी सामने आ रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत

गोलीबारी की सूचना मिलते ही परिजन गंभीर रूप से घायल विक्की को पुरैनी पीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।हालांकि मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी। मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक प्रियरंजन भास्कर ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के बाद ईसीजी किया गया, जिसमें मरीज को मृत पाया गया। शरीर पर पांच से सात गोलियों के जख्म बताए गए हैं।

11 आपराधिक मामले थे दर्ज

पुलिस के अनुसार, विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट समेत करीब 11 मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। उसका नाम जिले के मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में भी शामिल रहा है। विक्की के पिता चानो मेहता नरदह पंचायत के पैक्स अध्यक्ष हैं, जबकि उसकी बड़ी भाभी रीता कुमारी पंचायत की मुखिया हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक विक्की का पंचायत की राजनीति और कामकाज में भी प्रभाव था।

2019 में भी इसी पंचायत के मुखिया की हुई थी हत्या

नरदह पंचायत में मुखिया की हत्या का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2019 में इसी पंचायत के तत्कालीन मुखिया अनिल यादव की भी अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। ऐसे में ताजा हत्याकांड के बाद इलाके में एक बार फिर पंचायत की राजनीति और आपराधिक वर्चस्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं


परिजनों ने कई लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

मुखिया रीता देवी ने बताया कि नरदह सरकार भवन में मनरेगा का काम चल रहा था। काम खत्म कराने के बाद विक्की घर लौट रहा था, तभी नया टोला चौक के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी। परिजनों ने इस हत्या में दुर्गा यादव, नीतीश राणा, अमित चौधरी समेत कई लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। 

सात थानों की पुलिस पहुंची, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार समेत पुरैनी थाना पुलिस और सात थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।फिलहाल हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, आपराधिक वर्चस्व और पंचायत से जुड़े विवाद समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post