Top News

बेलौरी में भव्य रूप से विराजे गणपति, मेले जैसा बना माहौल


बेलौरी क्षेत्र में इस बार गणेशोत्सव को लेकर भक्ति और उल्लास का माहौल है। सोमवार को महागणपति श्री गणेश की पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर प्रतिमा स्थापित की गई। भव्य सजावट और मेले के आयोजन से मंदिर परिसर के आसपास का क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, वर्ष 2002 में तत्कालीन पोस्टमास्टर स्व. परमेश्वर साह को स्वप्न में भगवान गणेश के दर्शन हुए थे। इसके बाद उन्होंने सिमलगाछी के कारीगर से सीमेंट की प्रतिमा बनवाकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा कराई थी। तब से यहां लगातार भगवान गणेश की पूजा होती आ रही है।

परमेश्वर साह के निधन के बाद उनके पुत्र सह पोस्टमास्टर ओम प्रकाश साह मंदिर और पूजा की व्यवस्था संभाल रहे हैं। आयोजन में उनकी पत्नी कुमारी किरण भी सहयोग कर रही हैं। शिव मंदिर टोला के पूर्वी रास्ते, एनएच-131ए के पूर्व दिशा में मिडिल स्कूल के समीप तथा गोढ़ी टोला के निकट स्थित मंदिर में इस बार पूजा को व्यापक स्वरूप दिया गया है।

सोमवार सुबह करीब नौ बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ। करीब 11 बजे ओम प्रकाश साह ने पत्नी कुमारी किरण के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। भगवान गणेश को मोदक, लड्डू और फलों का भोग लगाया गया। व्यवस्थापक ने बताया कि मंगलवार को महाभोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। मेले को आकर्षक बनाने के लिए स्थानीय दुकानदारों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अनुभव के आधार पर अगले साल आयोजन को और भव्य बनाया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post