Top News

ऊर्जा भविष्य पर मंथन, दो छात्र जिला प्रतियोगिता के लिए चयनित

कोढ़ा प्रखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी 2026 का आयोजन +2 राजकीय उच्च विद्यालय कोढ़ा में किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ रहा। इसमें प्रखंड क्षेत्र के वर्ग 8 से 10 तक के करीब 110 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने ऊर्जा की वर्तमान स्थिति, भविष्य की जरूरतों, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और ऊर्जा संरक्षण पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह एवं बीआरसी अकाउंटेंट राज आनंद भारती ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के समाधान के लिए नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

संगोष्ठी में विद्यार्थियों ने चार्ट पेपर, पीपीटी सहित विभिन्न माध्यमों से प्रस्तुतियां दीं। सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण और वर्ष 2047 तक भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की संभावनाओं पर विद्यार्थियों ने प्रभावी ढंग से विचार रखे।

प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्णायक मंडली के राकेश कुमार, पंकज जायसवाल, सऊद दीदार, राखी कुमारी एवं जूली कुमारी ने किया। प्रस्तुतीकरण, वैज्ञानिक विषय-वस्तु, विषय की समझ और अभिव्यक्ति के आधार पर सरस्वती विद्या निकेतन, दीघड़ी के परीक्षित प्रियदर्शी ने प्रथम तथा यूएमएस खेरिया के अमन कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

दोनों चयनित प्रतिभागी 21 सितंबर को एमबीटी इस्लामिया, कटिहार में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कोढ़ा प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीआरसी के नितेश कुमार, सुमन कुमारी, अजय कुमार सहित अन्य कर्मियों का योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post