कुरसेला थाना क्षेत्र के गांधी घर बिंदटोली में शुक्रवार को बाढ़ के पानी के बीच बिजली के करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांधी घर बिंदटोली निवासी सुरेश मंडल के पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार रोहित कुमार स्नान करने के बाद घर का दरवाजा खोलने जा रहा था। इसी दौरान बिजली के तार के संपर्क में आने से उसे करंट लग गया और वह पानी में गिर पड़ा। परिजनों ने आनन-फानन में उसे पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए कुरसेला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक उज्ज्वल कुमार सिंह ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत है। बाढ़ के पानी के बीच बिजली के करंट से हुए हादसे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत बिजली का करंट लगने से होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Post a Comment