पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय पौआखाली में सोमवार को छात्रों के दो गुटों के बीच दोबारा तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दो दिन पूर्व हुई मारपीट और कथित गाली-गलौज की घटना को लेकर विद्यालय परिसर में अभिभावकों, शिक्षकों व सामाजिक-राजनीतिक लोगों की बैठक चल रही थी। इसी दौरान छात्रों के बीच तनाव होने पर लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली।
सूचना पर थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। इसके बाद वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कामरान खान, राहिल अख्तर सहित अन्य लोगों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। आरोपी छात्र ने अभिभावकों के सामने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी और पीड़ित छात्र को गले लगाया। लोगों ने छात्रों को विवाद से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।
गौरतलब है कि शनिवार को छात्रों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने पौआखाली थाने में लिखित शिकायत दी थी। घटना को लेकर अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई थी।
Post a Comment