Top News

सीएसपी संचालक की संदिग्ध मौत, नशीला पदार्थ खिलाकर लूट की आशंका


सुखानी थाना क्षेत्र के मीरभिट्टा निवासी सीएसपी संचालक तौहीद आलम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बैंक से लौटने के दौरान बदमाशों द्वारा नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी लूट की पुष्टि नहीं की है।

परिजनों के अनुसार, तौहीद आलम बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बैंक जाने के लिए घर से निकले थे। वापसी के दौरान वह सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिले। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें पौआखाली अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें किशनगंज रेफर कर दिया गया। किशनगंज के एक निजी नर्सिंग होम में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तौहीद आलम लोहागाड़ा में सीएसपी का संचालन करते थे। परिजनों को आशंका है कि बदमाशों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, उनके पास से कितनी राशि गायब हुई है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के दौरान तीन लोग बाइक से वहां पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post