जीयापोखर थाना क्षेत्र के गिलाबाड़ी बीओपी में तैनात एसएसबी जवान चयन मंडल (24) ने शनिवार देर रात अपनी सरकारी इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के जगाई बासन, दीघा का निवासी था और संतरी ड्यूटी पर तैनात था।
गोली चलने की आवाज सुनकर बीओपी में हड़कंप मच गया। जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चयन की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल से इंसास राइफल, मोबाइल और एक खोखा बरामद हुआ। सहकर्मियों के अनुसार, घटना से पहले चयन किसी लड़की से फोन पर बात कर रहा था। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है।
घटना की सूचना पर एसडीपीओ मनोज कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंत, एसएसबी डीआईजी एकेसी सिंह और थानाध्यक्ष गौतम कुमार मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। शव का सदर अस्पताल में एक्स-रे और पोस्टमार्टम कराया गया।
एसएसबी अधिकारियों ने परिजनों को सूचना दी। मां प्रतिमा मंडल, भाई और अन्य परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। बाद में एसएसबी जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ चयन को अंतिम विदाई दी। एसएसबी अधिकारी के अनुसार, चयन ने वर्ष 2025 में एसएसबी ज्वाइन की थी और उसकी पहली पोस्टिंग किशनगंज में हुई थी। साथी जवानों ने उसे हंसमुख और मिलनसार बताया।
Post a Comment