Top News

ब्रिक्स सम्मेलन से वैश्विक मंच पर भारत का प्रभाव बढ़ेगा : डॉ. दिलीप जायसवाल

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने भारत में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। किशनगंज में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि ब्रिक्स के माध्यम से वैश्विक मंच पर भारत का प्रभाव और दबदबा बढ़ेगा। आने वाले समय में भारत आर्थिक और सैन्य शक्ति के रूप में और मजबूत होकर उभरेगा।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कई बड़ी वैश्विक शक्तियों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। विभिन्न देशों के साथ संबंध मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है, जिसका लाभ भारत को आने वाले समय में मिलेगा। डॉ. जायसवाल ने आतंकवाद के खिलाफ सभी देशों से एकजुट होकर मजबूती से मुकाबला करने की अपील भी की।

### 30 हजार भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा

राजस्व मंत्री ने अभियान बसेरा योजना की जानकारी देते हुए कहा कि 15 अगस्त को बिहार में एक ही दिन में 30 हजार भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा दिया गया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर एक दिन में भूमिहीन परिवारों को जमीन का अधिकार देने वाला बिहार देश का पहला राज्य बना है।

उन्होंने बताया कि राज्य में अभी भी बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवार हैं। सरकार की प्राथमिकता उन्हें जमीन और आवास का अधिकार दिलाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर 20 नवंबर से 20 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाकर फिर 30 हजार भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा देने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि भूमिहीन परिवारों को जमीन और मकान का अधिकार मिलने से समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों को उनका हक मिलेगा और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा। मौके पर बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post