Top News

अगलगी में घर जलकर राख, पीड़ित परिवार को सहायता का भरोसा

कोढ़ा। नगर पंचायत क्षेत्र के गेराबाड़ी बस्ती वार्ड संख्या-04 में बीती रात हुई अगलगी में रविंद्र मंडल का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग में घरेलू सामान समेत जरूरी सामग्री जलने से परिवार को भारी नुकसान हुआ। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और जरूरी सामान की समस्या उत्पन्न हो गई है।

अगलगी की सूचना पर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही कोढ़ा के अंचल पदाधिकारी संजीव कुमार से दूरभाष पर बात कर क्षति का जल्द आकलन कराने तथा सरकारी प्रावधान के तहत राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

मुख्य पार्षद ने अंचल प्रशासन से स्थल निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करते हुए नियमानुसार सहायता की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को तत्काल प्रशासनिक सहायता मिलनी चाहिए।

इधर, आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवार को राहत सामग्री और सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post