फुलकाहा थाना क्षेत्र के मधुरा पश्चिम पंचायत के वार्ड संख्या एक में रविवार को पूर्वी कोसी नहर के बांध पर मिट्टी का टीला गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नहर बांध पर अवैध रूप से मिट्टी कटाई के कारण मिट्टी का बड़ा हिस्सा कमजोर होकर ढह गया, जिसकी चपेट में चार बच्चे आ गए।
ग्रामीणों ने मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकालकर नरपतगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आयन्स कुमार (8), पिता रविन्द्र पासवान और साजन कुमार (7), पिता संजीत कुमार पासवान को मृत घोषित कर दिया। घायल अंकुश कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक अन्य बच्चे का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ नरपतगंज बाजार के समीप एनएच-27 जाम कर दिया। ग्रामीण अवैध खनन में शामिल लोगों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।
फुलकाहा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्वी कोसी नहर के बांध से लंबे समय से जेसीबी और ट्रैक्टर के जरिए अवैध रूप से मिट्टी काटी जा रही है। उनका कहना है कि लगातार मिट्टी कटाई से बांध कमजोर हो रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
Post a Comment