बरारी। बरारी विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह पूर्व विधायक प्रत्याशी तौकीर आलम नाव से पहुंचे और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विशनपुर पंचायत के डहरा और रानीचक में ग्रामीणों से राहत व्यवस्था की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि घरों में पानी घुसने के बाद कई परिवार बांध और ऊंचे स्थानों पर तंबू लगाकर रहने को मजबूर हैं। प्लास्टिक नहीं मिलने, पशुचारा, शौचालय, बिजली और पेयजल की समस्या से भी लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने रात में बिजली नहीं रहने और राहत शिविरों में जनरेटर की व्यवस्था नहीं होने की बात कही। डहरा के बच्चों ने शिविर में भोजन समय पर नहीं मिलने की शिकायत भी की।
तौकीर आलम ने कहा कि सरकार के बाढ़ राहत के दावों और धरातल की स्थिति में अंतर दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में नाव, बिजली, चापाकल, पशुचारा और मेडिकल कैंप की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सिर्फ दावों से नहीं, बल्कि जमीन पर प्रभावी राहत व्यवस्था से मदद मिलनी चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो. सलीम, राष्ट्रीय वंचित जागरण मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज यादव, उपमुखिया गोपाल यादव, आलमगीर, एजाबुल हक, मो. तस्लीम अख्तर, रफीक आलम और नरेश यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post a Comment