Top News

अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में अपर थानाध्यक्ष निलंबित


किशनगंज। एसपी संतोष कुमार ने कोढ़ोबाड़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष एसआई प्रमोद कुमार यादव को निजी स्वार्थ के लिए अवैध कार्यों में लिप्त लोगों से सांठगांठ रखने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ बाइक, पिकअप और ट्रैक्टर को बिना आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के छोड़ने के आरोप लगाए गए थे।

जानकारी के अनुसार, कोढ़ोबाड़ी थानाध्यक्ष ने एसपी को लिखित प्रतिवेदन देकर अपर थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। बताया गया कि पांच सितंबर की रात लोहागाड़ा चौक से लावारिस हालत में बरामद बाइक को एसएसबी कैंप कंचनबाड़ी में सुरक्षित रखा गया था। आरोप है कि अगले दिन प्रमोद कुमार यादव ने बिना कागजी प्रक्रिया और थाना दैनिकी में प्रविष्टि के उसे छोड़ दिया।

इसी तरह 13 सितंबर को छापेमारी में जब्त अवैध खाद लदे पिकअप को थाना लाने के दौरान खरखरिया चौक के पास छोड़ने और 23 सितंबर को दिवा गश्ती के दौरान लक्ष्मीपुर नदी में अवैध खनन करते पकड़े गए ट्रैक्टर को बिना कार्रवाई के छोड़ने का आरोप है।

जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसपी ने कर्तव्य में लापरवाही, अवैध गतिविधियों में संलिप्तता, संदिग्ध आचरण, स्वेच्छाचारिता, रिश्वतखोरी और अवैध उगाही के आरोपों के आलोक में निलंबन की कार्रवाई की। उनसे सात दिनों में स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसडीपीओ टू मनोज कुमार को मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर चार दिनों में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में लापरवाही और भ्रष्ट आचरण के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है।

Post a Comment

Previous Post Next Post