टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के रंगी चौक, फाराबाड़ी के समीप गुरुवार शाम बकरी चोरी के आरोप में दो युवकों के साथ भीड़ ने मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को भीड़ से निकालकर थाना ले जाने लगी तो आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और तोड़फोड़ की। इस दौरान एक महिला सिपाही घायल हो गई।
फुलवड़िया वार्ड संख्या तीन निवासी मो. दिलदार आलम (22) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपने दोस्त फुलबाड़ी वार्ड संख्या छह निवासी मो. मुबारक आलम (20) के साथ बाइक से मटियारी गया था। लौटने के दौरान रंगी चौक के पास लोगों ने दोनों को बकरी चोरी का आरोप लगाकर लाठी-डंडे और रड से मारपीट की। दोनों के सिर में चोट लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को भीड़ से बचाया।
अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार के अनुसार, मौके पर करीब 500 लोगों की भीड़ थी। पुलिस दोनों युवकों को थाना वाहन में बैठाकर ले जाने लगी तो भीड़ ने वाहन को घेर लिया और युवकों को बाहर निकालने का दबाव बनाया। इस दौरान वाहन के शीशे, लॉक और साइड मिरर क्षतिग्रस्त कर दिए गए। शीशे का टुकड़ा लगने से महिला सिपाही अनिशा कुमारी घायल हो गईं। वहीं, भीड़ पर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, भीड़ में शामिल लोगों ने बाद में दोनों युवकों की बाइक में भी आग लगा दी। मामले में वायरल वीडियो और स्थानीय पहचान के आधार पर करीब 70 से 100 लोगों के खिलाफ थाना कांड संख्या 261/26 और 262/26 दर्ज किया गया है। इनमें बबलू कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, राजू कुमार साह, श्याम कुमार सिंह, नरेश कुमार सिंह, दुर्गेश कुमार सिंह, गुहिया कुमार सिंह, कतिका कुमार सिंह, कौरव कुमार सिंह, मो. आरिफ आलम और बिनोद कुमार सिंह समेत अन्य शामिल हैं। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Post a Comment