Top News

पूर्णिया में प्रेम संबंध के बाद खौफनाक हत्याकांड, 24 घंटे में पुलिस ने आरोपी को दबोचा; महिला का कटा सिर और बच्ची का कंकाल बरामद




पति पंजाब में रहकर काम करता था और इधर महिला अपने पति का घर छोड़कर दूसरे मर्द के साथ रहने लगी। महिला को उम्मीद थी कि जिसके साथ वह रह रही है, वही उसका जीवनसाथी बनेगा। लेकिन जब उसने शादी कर हमेशा साथ रहने की जिद की तो मामला खौफनाक मोड़ पर पहुंच गया। आरोप है कि साथ रह रहे मोहम्मद मोफिल ने महिला की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उसकी दो साल की मासूम बच्ची की भी जान ले ली।

पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र में सामने आए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पुलिस को भी चौंका दिया। कल्याणपुर चौक पुल स्थित 3 नंबर नहर के समीप एक महिला का गर्दन कटा शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव का सिर गायब था, इसलिए पुलिस के सामने सबसे पहली चुनौती मृतका की पहचान करना था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल का निरीक्षण वरीय पुलिस पदाधिकारी, सदर एसडीपीओ, FSL टीम और DIU टीम ने किया।

जांच के दौरान मृतका की पहचान पूजा देवी, पति पवन शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल और उससे जुड़े मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
महिला का शव तो बरामद हो गया था, लेकिन सिर गायब था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मिले सुरागों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध तक पहुंचने की कोशिश शुरू की। जांच तेजी से आगे बढ़ी और पुलिस ने घटना में कथित रूप से शामिल मोहम्मद मोफिल, पिता घोलटू, निवासी रहुआ मोगलानी, थाना मरंगा, पूर्णिया को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर महिला पूजा देवी का सिर बरामद किया गया। इसके साथ ही उसकी करीब दो साल की बच्ची अनुष्का के शव का कंकाल भी बरामद किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पूजा देवी अपने पति का घर छोड़कर मोहम्मद मोफिल के साथ रह रही थी। आरोपी पहले से शादीशुदा था। पुलिस के अनुसार, महिला लगातार उससे शादी कर हमेशा साथ रहने का दबाव बना रही थी।

आरोप है कि इसी दबाव के बाद मोफिल ने महिला की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला की पहचान छिपाने के लिए उसके सिर को धड़ से अलग कर अपने साथ ले लिया था और शव को नहर के समीप फेंक दिया।

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि महिला की हत्या के बाद उसकी छोटी बच्ची को भी नहीं छोड़ा गया। बच्ची की हत्या के बाद उसके शव को छिपा दिया गया था।
इस मामले में पुलिस को महिला की एक और बड़ी बेटी के बारे में भी जानकारी मिली। सदर एसडीपीओ अभिनव परासर ने बताया कि आरोपी ने महिला की बड़ी बेटी को भी छिपाकर रखा था। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके दादा के सुपुर्द कर दिया है।

यानी एक ही हत्याकांड में पुलिस के सामने महिला की हत्या, दो साल की बच्ची की हत्या और बड़ी बेटी को छिपाकर रखने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, FSL टीम ने घटनास्थल और मामले से जुड़े अन्य स्थानों से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। जिस धारदार हथियार से महिला की हत्या की गई थी, उसे आरोपी द्वारा पानी में फेंकने की बात सामने आई है। पुलिस अब उस हथियार को बरामद करने का प्रयास कर रही है।

मामले में मृतका के करीब 70 वर्षीय ससुर जलधर शर्मा, पिता स्वर्गीय तेतर शर्मा, निवासी मिल्की वार्ड संख्या-14, थाना मरंगा के आवेदन के आधार पर मरंगा थाना कांड संख्या 349/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब पूरे हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की बरामदगी और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post