Top News

गोबराही दियारा में नाव से पहुंचाया गया पशु चारा

गंगा-कोसी नदी के उस पार बसे बाढ़ प्रभावित गोबराही दियारा में रविवार को प्रशासन ने पशुपालकों के लिए नाव से पशु चारा पहुंचाया। डीएम आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर उफनती गंगा को पार कर दियारा क्षेत्र में चारा पहुंचाया गया। बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पशुधन के साथ दियारा में फंसे हुए हैं।

पूर्वी मुरादपुर और दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के अंतर्गत आने वाला गोबराही दियारा भौगोलिक रूप से दुर्गम है। बाढ़ के कारण आवागमन प्रभावित होने से राहत सामग्री और पशु चारा पहुंचाना चुनौती बना हुआ है। हाल में डीएम ने खेरिया घाट से नाव के माध्यम से दियारा पहुंचकर दुर्गा स्थान टोला और घाट टोला का जायजा लिया था। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को आवश्यक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।

डीएम के निर्देश के बाद प्रशासन ने नाव के जरिए दियारा में पशु चारा पहुंचाया। साथ ही दियारा वासियों के आवागमन, सुरक्षित निकासी और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए बड़ी सरकारी नावों की व्यवस्था की गई है। इससे बाढ़ प्रभावित पशुपालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post