पशु तस्करी, इंट्री माफिया और अवैध उगाही के आरोप में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पाठामारी थानाध्यक्ष गंगा प्रसाद गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार और चालक सिपाही पवन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17/18 अगस्त की रात ठाकुरगंज टोल प्लाजा के पास मवेशी लदे एक ट्रक को रोकने की सूचना थानाध्यक्ष को मिली थी। आरोप है कि ट्रक को रोकने और बाद में मुक्त करने की जानकारी किसी वरीय पदाधिकारी को नहीं दी गई। ट्रक में लदे मवेशियों का आवश्यक सत्यापन और संबंधित कागजात की जांच भी नहीं की गई। आरोप है कि अवैध वसूली के बाद ट्रक को छोड़ दिया गया।
मामले की जांच एसडीपीओ-द्वितीय मनोज कुमार सिंह से कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर तीनों पुलिसकर्मियों को संदिग्ध आचरण, स्वेच्छाचारिता, नैतिक अधमता सहित अन्य गंभीर आरोपों में 22 सितंबर को निलंबित किया गया। तीनों से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
किशनगंज पुलिस ने कहा है कि कर्तव्य में लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्ट आचरण के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति है। दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment