Top News

आंगनबाड़ी सेविका मणिकला कुमारी का निधन, क्षेत्र में शोक


मुरलीगंज प्रखंड के हरिपुरकला पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-125 की सेविका एवं पूर्व मुखिया जगदीश यादव की पुत्रवधू मणिकला कुमारी (64) का सोमवार अहले सुबह करीब चार बजे निधन हो गया। वह आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-124 का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मणिकला कुमारी पिछले करीब एक सप्ताह से बीमार थीं और पटना से उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों ने उन्हें करीब एक माह बाद ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी। परिजनों के अनुसार, रविवार को उनकी तबीयत सामान्य थी। रात में चौड़चंद पर्व की तैयारी के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। इसी दौरान अहले सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया।

निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक आवास पकिलपार पहुंचे और अंतिम दर्शन कर परिजनों को सांत्वना दी। दोपहर बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनके बड़े पुत्र कुंदन कुमार ने मुखाग्नि दी, जिसके बाद अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

अंतिम संस्कार में हरिपुरकला पंचायत के मुखिया डॉ. आलोक कुमार, सरपंच पंकज यादव, पंचायत समिति सदस्य सुभाष यादव, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि पवन यादव, ललन राय, पैक्स अध्यक्ष आलोक कुमार, सिंगियान पंचायत के मुखिया पति विवेकानंद यादव, पूर्व पैक्स अध्यक्ष आशीष कुमार, पूर्व मुखिया सुनील शर्मा, महावीर यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लोगों ने मणिकला कुमारी के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक जताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post