गणेश चतुर्थी महोत्सव के अवसर पर सोमवार को फलका में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। 11 हजार कुंवारी कन्याओं एवं महिलाओं की भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। सिर पर कलश लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा की शुरुआत फलका ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर से वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालु बरंडी नदी पहुंचे, जहां वैदिक रीति से कलश में पवित्र जल भरा गया। वहां से यात्रा फलका बाजार, गोपालपट्टी चौक, पकड़िया गांव एवं प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः ठाकुरबाड़ी मंदिर पहुंची।
यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलश यात्रियों का अभिनंदन किया गया। भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। भीषण गर्मी एवं उमस को देखते हुए आयोजन समिति की ओर से यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर पेयजल एवं शीतल पेय की व्यवस्था की गई थी। ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। मौके पर प्रखंड प्रमुख दीपशिखा सिंह, बीडीओ सन्नी सौरभ, अंचलाधिकारी सोमी पोद्दार, सदर-2 डीएसपी सुनील शर्मा, अपर थानाध्यक्ष अमरदीप कुमार, मुखिया अनीता गुप्ता, जिला परिषद प्रतिनिधि बलराम साह, मुखिया प्रतिनिधि संजय झा, पंचायत समिति सदस्य लखनदेव ठाकुर एवं वार्ड सदस्य अध्यक्ष कृष्णा आदित्य सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में नव युवा संघ के अध्यक्ष अंकित कुमार टिसू, सचिव प्रिंस कुमार, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता के बीच संपन्न हुई कलश शोभायात्रा गणेश महोत्सव का मुख्य आकर्षण बनी रही।
Post a Comment