भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर गुरुवार को सीमा चौकी फतेहपुर में एसएसबी एवं एपीएफ नेपाल के बीच समन्वय बैठक हुई। बैठक में सीमा क्षेत्र की निगरानी, ग्रामीणों और सीमा स्तंभों की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने मादक पदार्थ, नकली नोट, शराब, हथियार, मवेशी और मानव तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया। तस्करी से संबंधित सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान कर त्वरित कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
नो-मैंस लैंड में अतिक्रमण रोकने और नियमित साफ-सफाई कराने पर भी चर्चा हुई। सीमा से आने-जाने वाले लोगों के पहचान-पत्र की जांच, पूछताछ और सामान की तलाशी में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
बैठक में 12वीं वाहिनी एसएसबी किशनगंज के ई-समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह, फतेहपुर सीमा चौकी प्रभारी राम कृष्ण विश्वास, नेपाल एपीएफ के डीएसपी किशोर कुमार श्रेष्ठ, एपीएफ फतेहपुर कमांडर उपनिरीक्षक दुर्गा राई सहित दोनों बलों के जवान मौजूद रहे।
Post a Comment