बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा ईंट भट्ठा के पास सोयाबीन तेल लदे ट्रक से हुई लूट के मामले में एसपी संतोष कुमार ने गुरुवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए एसडीपीओ किशनगंज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है।
एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने, लूट का कारण पता लगाने और लूटा गया माल बरामद करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर की रात करीब 2:15 बजे जोगबनी से गुवाहाटी जा रहे ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 61 बी 6566 को एनएच-327ई पर अज्ञात अपराधियों ने रोक लिया। ट्रक में सोयाबीन तेल के 1500 डिब्बे लदे थे। अपराधियों ने चालक और खलासी को बंधक बनाकर ट्रक को नटुआपाड़ा स्थित ईंट भट्ठा के पास ले गए। वहां करीब 450 डिब्बे सोयाबीन तेल दूसरे ट्रक में लादकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर बहादुरगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने लोगों से घटना से संबंधित जानकारी मिलने पर जिला पुलिस को सूचना देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी के निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ किशनगंज, अंचल पुलिस निरीक्षक बहादुरगंज, थानाध्यक्ष बहादुरगंज समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment