Top News

हल्की बारिश में जलजमाव, निर्माणाधीन सड़क से बढ़ी लोगों की परेशानी


बहादुरगंज। बीते दो दिनों से हो रही बारिश के कारण नगर पंचायत क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। झांसी रानी चौक स्थित बिशनपुर रोड, गुदरी बाजार जाने वाली सड़क और कलेक्टर मार्केट में पानी जमा होने से राहगीरों व स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुवार को हुई बारिश के बाद झांसी रानी चौक पर निर्माणाधीन सड़क और नाले की खुदाई वाले हिस्से में जलजमाव हो गया। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि एलआरपी चौक से बहादुरगंज बाजार होते हुए डाक बंगला तक फोरलेन सड़क सह नाला निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। निर्माण स्थल पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है।

बताया गया कि बायसी-दिघलबैंक एसएच-99 के करीब 85 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत एलआरपी चौक से डाक बंगला तक फोरलेन सड़क सह नाला निर्माण किया जा रहा है। करीब 600 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में उक्त हिस्सा करीब तीन किलोमीटर का है, जिसका निर्माण एक साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य पूरा करने की निर्धारित अवधि भी समाप्त हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य में तेजी लाने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post