Top News

अगलगी पीड़ित पांच परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित

 फलका थाना क्षेत्र की सोहथा दक्षिण पंचायत के गोपालपट्टी घाट गांव में गुरुवार को हुई भीषण अगलगी के बाद समाजसेवी मोहम्मद अरमान आलम उर्फ बाबुल ने अग्निपीड़ित पांच परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

अगलगी में बिसंदेव मंडल, कल्पना देवी, सोनी कुमारी, गुड़िया देवी और अन्नू कुमारी के घरों को भारी नुकसान हुआ। घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, फर्नीचर, नकदी, जेवरात सहित दैनिक उपयोग का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद परिवारों के सामने रहने और भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है।

पीड़ितों की स्थिति को देखते हुए सोहथा दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी मोहम्मद अरमान आलम उर्फ बाबुल (पिता साजिद आलम) ने प्रत्येक परिवार को पांच किलो मुरही, दो किलो चूड़ा, आधा किलो दालमोट और बच्चों के लिए पांच पैकेट बिस्किट उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना सामाजिक दायित्व है और जरूरत पड़ने पर आगे भी सहायता की जाएगी।

राहत सामग्री मिलने पर पीड़ित परिवारों ने समाजसेवी के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने भी पहल की सराहना करते हुए अन्य लोगों से पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post