Top News

काली पूजा चंदा विवाद में दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

 

भागलपुर/सिटी हलचल न्यूज़ 

बिहार के भागलपुर में शुक्रवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बबरगंज थाना क्षेत्र के ठठेरी टोला स्थित मां तारा होटल के समीप बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती (55) को घेर लिया और बेहद करीब से उनकी कनपटी में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।वारदात के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। दिन के उजाले में सड़क पर गोली चलने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई


कुछ सेकेंड में खूनी खेल, किसी को संभलने तक का मौका नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर बाइक से पहुंचे थे। उन्होंने उमा भूषण तांती को रुकने का इशारा किया। जैसे ही उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी, बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।गोली की आवाज के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मायागंज अस्पताल में मृतक की बेटी अपने पिता के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी। परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।मृतक के भाई पंकज किशोर और परिजन कमल तांती समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद का एंगल

हत्या के पीछे की वजह को लेकर शुरुआती जांच में काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पूजा के लिए चंदा जुटाने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण की अंतिम पुष्टि नहीं की है। पुलिस चंदा विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या है और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा।

मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV खंगालने में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और अपराधियों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।पुलिस अब हमलावरों के आने और वारदात के बाद भागने वाले संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और उनके ठिकाने तक पहुंचने के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।सिटी एसपी अतुलेश झा ने कहा है कि घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है


भाजपा विधायक पहुंचे अस्पताल, हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग

हत्याकांड की जानकारी मिलने के बाद नगर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय मायागंज अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

दिनदहाड़े हत्या ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल

भागलपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष की इस तरह दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अपराधियों ने दिन के उजाले में भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी बड़ी वारदात को इतनी आसानी से कैसे अंजाम दे दिया?फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बाइक सवार हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और हत्या के पीछे की असल वजह का खुलासा करना है। CCTV फुटेज और वैज्ञानिक जांच से पुलिस को इस हत्याकांड में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post