Top News

उफनती गंगा पार कर गोबराही दियारा पहुंचे डीएम, बाढ़ पीड़ितों का जाना हाल

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच गुरुवार सुबह जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने उफनती गंगा को पार कर गोबराही दियारा पहुंचकर बाढ़ प्रभावितों का हाल जाना। डीएम अधिकारियों के काफिले के साथ खेरिया घाट पहुंचे और बड़ी देशी नाव से गंगा पार की। सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ की तीन मोटरबोट लगातार उनकी नाव को एस्कॉर्ट करती रहीं। बाढ़जनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की मेडिकल टीम भी साथ रही।

डीएम ने गोबराही दियारा के दुर्गा स्थान टोला और घाट टोला का भ्रमण कर जलमग्न बस्तियों, बाढ़ प्रभावित परिवारों और पशुचारे की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत सामग्री व आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ पीड़ितों के लिए संचालित सामुदायिक रसोई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता जांची। साथ ही रसोई की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और भोजन तैयार करने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों, विशेषकर बच्चों को समय पर शुद्ध, पौष्टिक और गर्म भोजन मिले। राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी।
उफनती गंगा को पार कर डीएम के स्वयं दियारा पहुंचने से बाढ़ पीड़ितों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि दियारा क्षेत्र के लिए नियमित बड़ी सरकारी नावों की व्यवस्था होगी, जिससे मुख्य भू-भाग से आवागमन, आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी तथा राहत सामग्री और राशन पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post