पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी स्थित कृषि कॉलेज के बांध पर रविवार रात करीब आठ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। मोड़ के पास बुलेट बाइक अनियंत्रित होने से सवार दो युवक करीब 50 फीट नीचे महानंदा नदी किनारे जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जुट गए।
घायलों की पहचान रायपुर पंचायत के खरखरी वार्ड संख्या 8 निवासी तनय कुमार (19), पिता जितेंद्र रॉय और कौसिक कुमार रॉय (17), पिता कमल कुमार के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक दो बाइक पर सवार चार युवकों के साथ अर्राबाड़ी थाना के समीप बने रास्ते से बांध होकर छत्तरगाछ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कृषि कॉलेज के गेट नंबर एक और श्मशान घाट के समीप मोड़ पर बुलेट अनियंत्रित हो गई। बाइक समेत दोनों युवक बड़े-बड़े बोल्डरों को पार करते हुए करीब 50 फीट नीचे नदी किनारे जा गिरे।
बाइक गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। अर्राबाड़ी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को ऊपर लाया गया। इसके बाद एंबुलेंस से बेहतर इलाज के लिए किशनगंज अस्पताल भेजा गया।
हादसे में नीचे गिरी बुलेट को निकालना भी चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस और खरखरी के युवाओं ने काफी मशक्कत कर बाइक को ऊपर सड़क तक पहुंचाया। स्थानीय ग्रामीण महबूब आलम ने बताया कि वे बांध पर घूमने आए थे। इसी दौरान नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी। देखने पर दोनों युवक घायल अवस्था में पड़े मिले, जिसके बाद लोगों की मदद से उन्हें ऊपर लाया गया।
इधर, अर्राबाड़ी थाना पुलिस ने बांध के रास्ते से गुजरने वाले बाइक चालकों से नियंत्रित गति में वाहन चलाने और मोड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
Post a Comment