Top News

एसी कोच में छिपा था शराब का खेल! वाशिंगपिट पहुंचते ही 44 बोतलें बरामद


आरपीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहरसा वाशिंगपिट पहुंची खाली ट्रेन के एसी कोच से 33 लीटर विदेशी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 43 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन में निगरानी के लिए आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार और सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार काजी को तैनात किया गया था। राघोपुर से प्रधान आरक्षी सत्येंद्र नाथ तिवारी और सरायगढ़ से प्रधान आरक्षी बाबलु शर्मा को भी निगरानी में लगाया गया था। जवानों ने ट्रेन की सहरसा तक गुप्त निगरानी की।

23 सितंबर की सुबह खाली रेक सहरसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची। निरीक्षक धनंजय कुमार और सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार पांडेय ने ट्रेन को अटेंड कर जांच शुरू की। एसी कोच बी-1 और बी-2 में लावारिस बैग और सामान मिलने पर निगरानी रखी गई। इसके बाद करीब 7:15 बजे रेक सफाई के लिए वाशिंगपिट रवाना हुई।

वाशिंगपिट में जांच के दौरान बी-1 कोच में सीट संख्या 33 और 49 के नीचे से पीले कपड़े के दो झोले तथा बी-2 कोच में सीट संख्या 17 और 29 के नीचे से एक रेक्सीन बैग और एक प्लास्टिक का झोला बरामद हुआ। तलाशी लेने पर सभी बैगों से विदेशी शराब की बोतलें मिलीं।

आरपीएफ ने कुल 44 बोतल शराब जब्त की, जिसमें रॉयल स्टैग की 10, ब्लेंडर्स प्राइड की छह और सिग्नेचर की 28 बोतल शामिल हैं। सभी बोतलें 750 एमएल की थीं। जब्त शराब की कुल मात्रा 33 लीटर है।

आरपीएफ ने फर्द जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त कर ली और आगे की कार्रवाई के लिए सहरसा उत्पाद विभाग को सूचना दी। बाद में जब्त शराब व संबंधित कागजात उत्पाद विभाग को सौंप दिए गए। शराब तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post