Top News

पांच दिन लापता रहा मनीरूद्दीन, पुलिस से मदद नहीं मिली तो परिजनों ने खुद ढूंढ निकाला शव

पांच दिनों से लापता 45 वर्षीय मो. मनीरूद्दीन की तलाश में परिजन दर-दर भटकते रहे, लेकिन जब पुलिस से कथित तौर पर कोई मदद नहीं मिली तो परिवार ने खुद ही खोजबीन शुरू कर दी। आखिरकार शुक्रवार को बीकोठी थाना क्षेत्र के दौड़ी बहियार में मनीरूद्दीन का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे ने पुलिस पर मदद नहीं करने का आरोप लगाते हुए जमीनी विवाद में पूर्व मुखिया पर पिता की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

मामला भवानीपुर थाना क्षेत्र के रोशनगंज वार्ड संख्या एक से जुड़ा है। मृतक के समधी मो. इलियास ने भवानीपुर थाना में लिखित आवेदन देकर मनीरूद्दीन के लापता होने की सूचना दी थी। आवेदन के अनुसार, 24 अगस्त की रात मनीरूद्दीन अपने समधी के घर पहुंचे थे। दोनों ने साथ खाना खाया और इसके बाद रोशनगंज में लगे मेले में गए। मेला देखने के बाद दोनों वापस लौटे। मनीरूद्दीन के सोने के लिए घर के दरवाजे पर बिछावन लगाया गया था।

लेकिन 25 अगस्त की सुबह बिछावन खाली मिला और मनीरूद्दीन गायब थे।  इसके बाद परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारों और उनके घर जाकर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

दो बार थाने पहुंचे, बेटे का आरोप—मदद नहीं मिली

मृतक के बेटे मो. तौफीक का आरोप है कि पिता के लापता होने की सूचना पुलिस को देने के बाद वह दो बार थाने का चक्कर लगा चुके थे, लेकिन पुलिस की ओर से तलाश में कोई खास मदद नहीं मिली। इसके बाद परिवार और रिश्तेदारों ने खुद ही मनीरूद्दीन की तलाश शुरू कर दी।

पांच दिनों तक लगातार तलाश के बाद शुक्रवार को परिजनों को बीकोठी थाना क्षेत्र के दौड़ी बहियार में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। शव की पहचान मो. मनीरूद्दीन के रूप में होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

लापता होने के बाद बहियार में मिला शव, हत्या का आरोप

मनीरूद्दीन का शव घर से दूर बहियार में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के बेटे मो. तौफीक ने जमीनी विवाद को लेकर पूर्व मुखिया पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी आरोपों की पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मामले में भवानीपुर थाना मेंकांड संख्या 216/26 दर्ज किया गया है। अनुसंधान की जिम्मेदारी पीएसआई सुमन कुमार को दी गई है।

पुलिस बोली—हर पहलू की हो रही जांच

आईओ सह पीएसआई सुमन कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। 

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पांच दिनों तक लापता मनीरूद्दीन की तलाश में पुलिस की भूमिका क्या रही और परिजनों को आखिर खुद ही शव की तलाश क्यों करनी पड़ी?
 पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मनीरूद्दीन की मौत कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post