किशनगंज शहर के गाड़ीवान मोहल्ला चौक स्थित ब्लिंकिट स्टोर के पास शनिवार को बकाया भुगतान की मांग को लेकर डिलीवरी बॉयज ने जमकर हंगामा किया। डिलीवरी बॉयज का आरोप है कि उन्होंने 8 से 10 दिनों तक ऑफलाइन काम किया था, जिसका विवरण स्टोर के रजिस्टर में दर्ज है, लेकिन कंपनी की ओर से अब तक उसका भुगतान नहीं किया गया है।
पीड़ित डिलीवरी बॉयज ने बताया कि वे पिछले दो महीने से अपने बकाये भुगतान के लिए लगातार स्टोर के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि जब वे भुगतान की मांग करते हैं तो स्टोर प्रबंधन की ओर से कहा जाता है कि ऑफलाइन काम का भुगतान यहां से नहीं मिलेगा। उन्हें बताया जा रहा है कि तत्कालीन मैनेजर का तबादला भागलपुर हो चुका है, इसलिए उनसे जाकर संपर्क करें।
वहीं, मामले में वर्तमान स्टोर मैनेजर सोनू कुमार ने बताया कि कंपनी की व्यवस्था के अनुसार केवल ऑनलाइन डिलीवरी का भुगतान किया जाता है, जबकि ऑफलाइन काम का भुगतान नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि डिलीवरी बॉयज को इस नियम की जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, पुराने मैनेजर द्वारा डिलीवरी बॉयज को इस संबंध में उचित जानकारी नहीं दी गई और वे स्थानांतरण के बाद चले गए।
Post a Comment