पूर्णिया पूर्व/राजेश यादव
पूर्णिया पूर्व प्रखंड क्षेत्र के डिमिया छतरजान पंचायत के मुखिया सह भाजपा नेता अंगद कुमार मंडल, मुकेश कुमार सिंह, लक्ष्मण सिंह, राहुल राय आदि ने सर्किट हाउस पूर्णिया पहुंचकर शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी से मुलाकात की और क्षेत्र के विद्यालयों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार रिषी,पंसस अर्जुन कुमार मंडल, निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे। ज्ञापन में मुखिया ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय श्रीनगर मोड़ एवं उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय सिंधिया दिवानगंज के पास अपना स्वतंत्र भवन नहीं है
भवन के अभाव में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय (+2) का संचालन वर्तमान में मध्य विद्यालय सिंधिया दिवानगंज के परिसर में ही किया जा रहा है। बताया गया कि विद्यालय की कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 में कुल 453 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। विद्यालय में मात्र तीन कमरे उपलब्ध होने के कारण इतनी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को बैठाने और सुचारू रूप से पठन-पाठन कराने में प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कमरों एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी से बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है
मुखिया अंगद कुमार मंडल ने शिक्षा मंत्री से इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेते हुए प्राथमिक विद्यालय श्रीनगर मोड़ एवं उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय सिंधिया दिवानगंज के लिए स्वतंत्र भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन का निर्माण होने से क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। इस मौके पर पंचायत की आम जनता एवं छात्र-छात्राओं ने भी शिक्षा मंत्री से इस दिशा में शीघ्र पहल करने की अपेक्षा जताई है।



Post a Comment